पशुपालकों के लिए अब जिले में मोबाइल पशु चिकित्सालयों का संचालन होगा। इसके लिए विभाग ने सभी सातों ब्लॉकों के लिए एक-एक मोबाइल टीम गठित करने का निर्णय लिया है। इस टीम में एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट एवं एक पैरावेट तैनात होगा, जोकि जिले में पशुपालकों की सूचना पर गांवों और शहरों में मौके पर पहुंचकर उनके मवेशियों का इलाज करेंगे।
शासन ने अब पशुपालकों को भी मोबाइल चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले के सभी सात ब्लॉकों के लिए ई मोबाइल चिकित्सा टीम तैनात की जानी है। यह टीमें पशुपालकों के मवेशियों को स्वस्थ रखने में उनकी मदद करेंगे।
इन टीमों के माध्यम से पशुओं के नियमित टीकाकरण तो किए ही जाएंगे, इसके साथ ही मवेशियों की बीमारी की जहां से भी सूचना मिलेगी, टीम उन गांवों और शहरों में मौके पर पहुंचकर मवेशियों का इलाज करेंगे।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं क्षेत्रीय पशु चिकित्सा केंद्रों पर तैनात चिकित्सक भी इन मोबाइल टीमों के संपर्क में रहेंगे, जिससे इन अस्पतालों में पहुंचने वाले मवेशियों की बीमारी के बारे में भी यह मोबाइल टीम को सूचित कर मवेशियों को उपचार के लिए भेजेंगे। विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर दी है। विभाग को मोबाइल वैन मिलने का इंतजार है, जिससे शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना को गंभीरता से लागू किया जा सके।
शासन से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। मोबाइल टीमों के लिए विभाग की ओर से चिकित्सक और स्टाफ की तैनाती के साथ-साथ वैन मिलने पर विधिवत रूप से जिले में इस योजना को लागू कर दिया जाएगा।
- डॉ. डीके शर्मा, सीवीओ हाथरस