संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर क्षेत्र के नवीपुर खुर्द स्थित गलीचा फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दमकल ने आग पर काबू पाया। काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नवीपुर खुर्द पथवारी मंदिर निवासी निजाम की वहीं पर मोहल्ले में ही गलीचा की फैक्टरी है, जिसमें बृहस्पतिवार की देर रात को अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। घटना की जानकारी निजाम को फैक्टरी से आग की लपटें उठने पर हुई। आग देखकर उसके होश उड़ गए। स्थानीय लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। इस बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का नुकसान होना बताया जा रहा है।