जिले में पारा 44 डिग्रीपर पहुंच गया है। बुधवार को सासनी और सिकंदराराऊ में दो लोगों की मौत हो गई। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गर्मी जनित बीमारियों के शिकार 325 बीमार जिला अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग ने भी ऐहतियात बरतने के लिए कहा है।
बुधवार को बेटे के साथ बाइक से आगरा से दवा लेकर लौट रहे अलीगढ़ के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव बरौठा निवासी भवानी सिंह चौहान (46) की सासनी में मौत हो गई। बेटे मोहित ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सासनी में चौपाल सागर के निकट उनके पिता की अचानक हालत बिगड़ गई और वह अचते हो गए। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए, वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने गांव ले गए। चिकित्साधिकारी डाॅ.प्रवीण कुमार भारती ने बताया कि जिस तरह से उनकी तबीयत बिगड़ी उससे लगता है कि हीट स्ट्रोक से भवानी सिंह की मौत हुई है।
भवानी सिंह के पत्नी ममता के अलावा दो बेटी गुंजन सिंह और करिश्मा और बेटा मोहित हैं। बड़ी बेटी गुंजन सिंह विवाहित है, जबकि बाकी दो बच्चे अविवाहित हैं।
सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव शेरपुर बरतर निवासी ज्ञान सिंह (52) पुत्र भूदेव सिंह नगर पंचायत पुरदिलनगर में कर्मचारी थे। मंगलवार को वह अचानक बीमार हो गए। मंगलवार शाम को चार बजे घर पहुंचे तो उल्टी-दस्त शुरू हो गए। परिजन सुबह चार बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमओ डॉक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि बिना पोस्टमार्टम के मौत के कारण सही बता नहीं चलता। लू चल रही है, ऐसे लोग धूप में बाहर निकलने से बचे। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों पर ओआरएस और अन्य दवाओं व उपचार की सुविधा है।
हीट स्ट्रोक, हीट रैश, हीट क्रैंप के लक्षण
कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उबकाई, अधिक पसीना आना, मूर्छा आदि को पहचानें एवं आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सक की सलाह लें।