हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शाम करीब पांच बजे दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 8 की निवासी शशि (50) रामकिशन शर्मा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। शशि अपने भाई अशोक कुमार पाठक के घुटनों का ऑपरेशन होने के कारण उनको देखने इगलास रोड स्थित गांव फतेहपुर जा रही थीं।
शशि दिल्ली से गोमती एक्सप्रेस से हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उतरकर रेलवे लाइन पार कर रही थीं। तभी पीछे से आ रही दुरंतो एक्सप्रेस की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पास में मिले मोबाइल फोन पर आ रहे कॉल से हुई। उनके फोन पर छोटी बहन के दामाद की कॉल आ रही थी। वह रेलवे में तैनात हैं। उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पर गांव फतेहपुर से उनके परिजन पहुंच गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेज दिया है। जीआरपी प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि शव की पहचान हो गई है। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।