बिजली महकमे द्वारा शुक्रवार को जर्जर और पुरानी हो चुकीं बंच केबल को बदलवाने का काम किया गया। इस वजह से नगर के कई इलाकों में करीब आठ घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। लोगों को बिन बिजली काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली महकमा एलएंडटी संस्था के जरिये 33-11 केवी विद्युत उपकेंद्र मरघट रोड सादाबाद से पोषित सलेमपुर रोड, हाथरस रोड, मुरसान रोड, प्रगतिपुरम व जलेसर रोड इलाकों में जर्जर और पुरानी हो चुकीं बंच केबल को बदलवाने का काम करा रहा है। टीम के सदस्यों ने खंभे से पुरानी व जर्जर केबल उतरवाईं और उनकी जगह नई केबल लगाईं।
इस कार्य के चलते सुबह करीब नौ बजे से शाम पांच बजे तक इन इलाकों की बिजली बाधित रही। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि नगर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके मद्देनजर नगर से जर्जर हो चुकीं बंच केबिल को हटाए जाने का कार्य किया जा रहा है। अभी नगर के कई अन्य इलाकों में भी इस कार्य को कराया जाएगा।