संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान में गन्ना समिति द्वारा बनाए जा रहे ऑक्सीजन प्लांट का डीएम रमेश रंजन ने निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन गैस पाइपलाइन को दुरुस्त करने व पाइप लाइन में रेगुलेशन लगाए जाने के निर्देश सीएमओ चंद्र मोहन चतुर्वेदी को दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी पर डीएम ने काफी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई करने, वार्डों में खिड़कियों के पर्दे व टूटे शीशों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती नहीं जाएगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे कोविड-19 वैक्सीन के टीकाकरण की प्रगति के बारे में जानकारी ली और अधिक से अधिक टीकाकरण कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सीडीओ आरबी भास्कर, मुरसान सीएचसी प्रभारी सिद्धार्थ भदौरिया आदि लोग थे।