हाथरस। विकास भवन के सभागार में सीडीओ जावेद अख्तर जैदी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों के सामने सिंचाई के समय में विद्युत कटौती होने, नहर और रजवाहों में रोस्टर के अनुसार पानी नहीं आने एवं नलकूपों का संचालन नहीं होने की शिकायतें कीं। अधिकारियों ने भी किसानों को शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया।
खचाखच भरे विकास भवन सभागार में किसानों ने कहा कि उनकी फसलों की सिंचाई के दौरान विद्युत आपूर्ति पहले तो निर्धारित समय से नहीं होती। अगर होती भी है तो लगातार होने वाली ट्रिपिंग के कारण किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पाते। सिंचाई विभाग के रजवाहों में भी रोस्टर के अनुसार पानी नहीं आने का रोना रोया। किसानों ने यह भी कहा कि जब किसान को नहर और रजवाहों में पानी की आवश्यकता नहीं होती, उस समय भी पानी छोड़ दिया जाता है। जब आवश्यकता नहीं होती, इससे फसलों को लाभ होने के स्थान पर यह पानी नुकसान पहुंचाता है। नलकूपों का भी विधिवत रूप से संचालन नहीं होने की जानकारी दी। किसान दिवस में सीडीओ जावेद अख्तर जैदी, पीडी चंद्रशेखर पांडेय, डीडीओ मंजू श्रीवास्तव, उपकृषि निदेशक रामप्रताप, डीपीआरओ जगदीश राम गौतम, जिला कृषि अधिकारी शिव कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. एके सिंह, डॉ. श्याम सिंह, एआर कोऑपरेटिव राजेंद्र कुमार सहित विकास विभाग के सभी अधिकारी मौजूद थे।