सांकरा गांव में सोमवार को तीन घरों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला है। इस पर एंटी लार्वा के साथ ही कीटनाशक का छिड़काव और फोकल स्प्रे कराकर लार्वा को नष्ट कराया गया।
गांव में डेंगू से एक युवक की मौत और कई लोगों के बीमार होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में शिविर लगाकर जांच और दवाओं का वितरण कर रही है। बुखार पीड़ितों के खून नमूने भी लिए जा रहे हैं। बिजौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार के अनुसार पूर्व में डेंगू की जांच के लिए राजकुमार, शिवानी, किशनपाल आदि के रक्त के नमूने लिए गए थे। सभी की रिपोर्ट नकारात्मक आई है।
सोमवार को बिजौली सीएचसी की स्वास्थ्य टीम ने सांकरा में घर-घर जांच कर बुखार पीड़ितों को देखा। विभाग के अनुसार 260 घरों में 70 लोगों की जांच कर दवा दी गई है। साथ ही लोगों से घरों में जलभराव न होने देने के लिए जागरूक किया गया है। उधर ग्रामीणों का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग की टीम दोपहर में 12 बजे पहुंचती है, तब तक बुखार पीड़ितों को परिजन इलाज के लिए बाहर ले जाते हैं।