खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को मिलावटी दूध, पनीर और घी की शिकायतों पर कार्रवाई की। कस्बे की 12 डेयरियों पर छापा मारा गया। टीम ने दूध, पनीर और घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के कई नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सीएल यादव के नेतृत्व में टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह और माता शंकर बिंद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। अफसरों की टीम आठ वाहनों से कस्बे में पहुंची तो खाद्य पदार्थ कारोबारियों में खलबली मच गई। टीम ने एक के बाद एक डेयरियों पर छापा मारा। कुछ डेयरियों पर गंदगी देखकर असिस्टेंट कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त की।उन्हें सुधार करने का निर्देश दिया। गौर हो कि क्षेत्र में डेयरियों से मिलने वाले दूध, पनीर और घी की गुणवत्ता की शिकायतें लगातार हो रही थीं।