पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय हाथरस में जारी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर रहा। खो-खो में अशोक और लंबी कूद में रमन हाउस जीता। विभिन्न हाउसों के प्रतिभागियों ने मैदान पर अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों की तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन बेटियों के खो-खो मुकाबले में अशोका और शिवाजी हाउस के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। दोनों टीमों ने फुर्ती, रणनीति और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में बेहतर तालमेल के साथ अशोक हाउस विजयी रहा। लंबी कूद में रमन, शिवाजी, अशोक और टैगोर हाउस के प्रतिभागियों ने शानदार प्रयास किए। कई खिलाड़ियों ने अपने पिछले रिकॉर्ड को चुनौती दी। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रमन हाउस के खिलाड़ी ने सबसे लंबी छलांग लगाकर बाजी मार ली। शिवाजी, अशोक और टैगोर हाउस के छात्रों ने भी उम्दा प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य महाभारत सिंह ने बताया कि खेलकूद छात्रों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व कौशल विकसित करती हैं। विजेता हाउस को कार्यक्रम के अंत में प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक अभय कुमार गुप्ता, नवेद अहमद, हिमांशु वर्मा, विनय त्यागी व सुनील कुमार उपस्थित रहे। खेल प्रभारी पंकज कुमार ने सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया।