माघ मेला शुरू होते ही संगम नगरी प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है। हाथरस होकर प्रयागराज जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में कन्फर्म आरक्षण मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में 15 दिन से लेकर एक माह तक की वेटिंग चल रही है। कुछ ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन गई है।
हाथरस जंक्शन से चलने वाली कालका एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस के अलावा संगम एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस में लंबी प्रतीक्षा सूची है। कोलकाता एक्सप्रेस में कई तिथियों पर नो रूम की स्थिति बनी हुई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रमुख स्नान पर्वों 15 जनवरी (मकर संक्रांति), 18 व 23 जनवरी, एक और 15 फरवरी को यात्रियों की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है।
पीआरओ प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने बताया कि कई ट्रेनों का झूसी व अन्य स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। माघ मेले के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ स्वाभाविक है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति ऑनलाइन जांच लें और बिना कन्फर्म आरक्षण के यात्रा करने से बचें।