संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद में प्रत्येक बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में कोविड 19 के दिशा निर्देशों की जमकर धज्जियां उड़ी। भीड़ में दो गज की दूरी और मास्क का कोई पालन होता हुआ नजर नहीं आया। बाजार का कोई भी तिराहा हो या चौराहा, सभी पर भीड़ की वजह से जाम लगा रहा। बाजार में कोविड दिशा-निर्देशों का पालन कराने वाले जिम्मेदार भी गायब रहे।
बता दें कि कोरोना के मद्देनजर सादाबाद के लोग पिछले काफी समय से साप्ताहिक बाजार पर पाबंदी की मांग प्रशासन से कर रहे हैं। मंगलवार को कई लोगों ने डीएम व एसडीएम के ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट करके भी साप्ताहिक बुध बाजार पर रोक लगाए जाने की मांग की थी।
लोगों ने कहा था कि बुध बाजार की भीड़ में यदि कोरोना संक्रमित कोई व्यक्ति आ गया तो पूरे सादाबाद में वायरस फैलने में देर नहीं लगेगी। लेकिन, बुधवार को सुबह से ही बाजार में सड़क की पटरियों पर सुबह से ही साप्ताहिक बाजार सज गया, जिसमें सुबह से शाम तक हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
कपड़े, जूते चप्पल व अन्य सामान की दुकानों पर बे इंतहा भीड़ उमड़ी। इस दौरान न तो लोगों ने दो गज की दूरी का पालन किया और न मास्क पहनना जरूरी समझा। कस्बे के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, खजूर वाली गली, कूपा गली के सामने, सब्जी मंडी के सामने भीड़ की वजह से जाम की स्थिति बन गई। इधर, साप्ताहिक बाजार की आड़ में सामान्य रूप से रोजाना खुलने वाली दुकानों को खोलकर साप्ताहिक बंदी की धज्जियां उड़ाई गईं।