प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में चोरी के बाद जांच करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। बदमाशों ने गुरुवार रात सिकंदराराऊ रोड स्थित वन विभाग के कार्यालय में धावा बोलकर चौकीदार को बंधक बना लिया और वहां रखे लाखों के जेनरेटर सेट को लूट ले गए। चोर कार्यालय की आधी बनी दीवार को फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। बदमाशों में से एक को चौकीदार ने पहचान लिया। पुलिस ने तीन घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी गया माल भी बरामद कर लिया।
प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में चौकीदार सासनी के रुहल गांव के निवासी कौशल किशोर पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि वह कार्यालय के अंदर मौजूद था, तभी उसे कुछ आवाज सुनाई दी। तीन से चार बदमाश जेनरेटर सेट चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। नकाबपोश बदमाशों ने कौशल किशोर को बाहर से बंद कर दिया और कार्यालय के शीशे आदि तोड़ दिए। दहशत कायम करने के बाद उन्होंने चोरी को अंजाम दिया। इस बीच एक बदमाश का नकाब चेहरे से उतर गया, जिसे चौकीदार ने पहचान लिया। चौकीदार के मुताबिक उसने कंट्रोल रूम को कई बार फोन लगाया, लेकिन फोन नहीं उठा। रातभर वह डर की वजह से कार्यालय में बंद रहा। सुबह होने पर उसने कर्मचारियाें को सूचना दी। तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
एसओ केपी सिंह का कहना है कि चौकीदार से पूछताछ के बाद ढकपुरा निवासी सूरज पुत्र चंदन सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सूरज की निशानदेही पर लूटा गया जेनरेटर सेट भी बरामद कर लिया गया है। जहां तक चौकीदार को बंधक बनाने की बात है, ऐसा नहीं हुआ है। चोरी के दौरान चौकीदार ने ही खुद को अंदर से बंद कर लिया था। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। एक-दो और लोग हिरासत में लिए गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।