थाना कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव नगला टोटा में शनिवार को एक युवक की 11 हजार की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव गुबरारी निवासी 19 वर्षीय अजय शनिवार को गांव नगला टोटा में लेखराज के घर गया था। लेखराज के घर पर पानी टंकी लगाने का कार्य चल रहा था। उसे देखने के लिए अजय घर की छत पर चढ़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रही 11 हजार की विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी मामले में सहपऊ के क्षेत्र के गांव दोहई निवासी मुन्नालाल पुत्र राम सिंह (45 वर्ष) की करंट से मौत हो गई। क्षेत्र में बारिश के कारण रात में सभी गांवों में लगभग एक बजे बिजली चली गई थी। सुबह बिजली आने पर उसने घर के कमरे में पंखा लगाने की कोशिश की। तभी पंखे का एक तार बिजली के शॉकिट में लग गया, जबकि दूसरा उसके हाथ से चिपक गया। तार खुला होने से उसमें आ रहे करंट से वह जमीन पर गिर पड़ा ।
परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष मनोज यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रोते -बिलखते परिवार को ढांढस बंधाया। उनको सरकार से आर्थिक मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। मृतक के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा एक शादीशुदा पुत्री एवं उसके बच्चे भी हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।