सिकंदराराऊ (हाथरस)। ईद से ठीक पहले मंगलवार को मामूली विवाद को लेकर दो नगर में बड़ा बवाल होने से बच गया। अतिसंवेदनशील पुरानी तहसील इलाके के पास सरकारी नल पर पानी भरने को लेकर दो लोगों में हुई मारपीट के बाद दोनों समुदायों के लोग आमने सामने आ गए। पुलिस बल ने तत्काल मौके पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदूवादियों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई।
घटना सुबह 11 बजे की है। बताया जाता है प्रेस और कपड़े धोने का काम करने वाला महीपाल सिंह अपनी दुकान से कुछ दूरी पर स्थित महादेव मंदिर के समीप लगे नल से पानी लेने गया था। वहां पर मुबीन उर्फ अमन नामक युवक बाल कटाने के बाद सिर धो रहा था। महीपाल ने उससे हटने को कहा लेकिन वह नहीं हटा। देखते ही देखते उनमें कहासुनी होने लगी।
दोनों में हुई मारपीट में महीपाल जख्मी हो गया। वहां दोनों समुदायों के काफी लोग इकट्ठे हो गए। इनमें भी कुछ लोगों में मारपीट होने लगी। जिसमें कुंवरपाल, संजू शर्मा भी घायल हो गए। चूंकि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोतवाली पर भाजपा का घेराव और धरना प्रदर्शन जारी था। इसको लेकर वहां पहले से काफी पुलिस बल मौजूद था। इधर पुरानी तहसील पर हुए विवाद की सूचना पर तत्काल पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और जैसे-तैसे स्थिति को संभाल लिया। एहतियातन वहां पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मामले को लेकर हिंदूवादी युवकों की कोतवाल राजेश्वर त्यागी से नोकझोंक भी हुई। महीपाल ने आधा दर्जन को नामजद कराते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया।