कोर्ट में अंतर जातीय प्रेम विवाह कर जिंदगी भर साथ निभाने का वादा करने वाले प्रेमी युगल का रिश्ता डेढ़ साल में टूटने की कगार पर पहुंच गया है। पिछड़ी जाति से ताल्लुक रखने वाले युवक के परिजनों को जब यह जानकारी हुई कि लड़की दलित है, तो उन्होंने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। लड़की का आरोप है कि ससुरालियों ने उसे करंट लगाकर मारने की कोशिश भी की। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।
हसायन कस्बे के मोहल्ला कोलियान की रहने वाली दलित युवती परिजनों के साथ रविवार को कोतवाली पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अलीगढ़ के मोहल्ला जयगंज के रहने वाले युवक से उसके प्रेम संबंध थे। डेढ़ साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। युवक घरवालों को धमकाकर तमंचे के बल पर कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाते हुए युवती को अपने साथ ले गया।
कुछ माह तक सब ठीक चला। बाद में उसके पति का व्यवहार भी बदल गया और उसने मारपीट भी शुरू कर दी। इधर ससुरालीजनों को यह जानकारी हुई कि युवती दलित है तो उन्होंने भी अमानवीय व्यवहार करना शुरू कर दिया। एक दिन उसे करंट लगाकर मारने का प्रयास भी किया।
इसकी सूचना पीड़िता ने अपने परिजनों को दी। परिजन कस्बे के चेयरमैन व अन्य गण्यमान्य लोगों के साथ युवक के घर पहुंचे। यहां लड़के के घरवालों का साफ कहना था कि वह दलित युवती को बहू बनाकर किसी भी हालत में नहीं रखेंगे।
मौके की नजाकत को देखते हुए वह युवती को अपने साथ ले आए। अब युवती ने आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यहां से पुलिस भेजकर लड़के के घरवालों को बुलाएंगे। उससे पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।