हाथरस। दूर देहात के परीक्षा केंद्रों पर ठेके पर जमकर नकल कराई जा रही है। जो छात्र ठेके में तय रकम नहीं दे पा रहे, उन्हें परीक्षा देने से रोका जा रहा है। शनिवार को हसायन के एक परीक्षा केंद्र पर ऐसे ही एक छात्र के साथ तीन हजार रुपये न देने पर जमकर मारपीट की गई। इससे छात्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है। छात्र ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत पुलिस से की है। उसने कॉलेज प्रबंधक पर सामूहिक नकल कराने का आरोप भी लगाया है।
छात्र आशुतोष पुत्र धर्मेंद्र कुमार निवासी गिरधरपुर, हसायन ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह हसायन के बाबू सिंह इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र है। हसायन के सूसामई गांव में दादा मेघ सिंह हायर सेकेंड्री स्कूल में उसका परीक्षा केंद्र है। शनिवार को चित्रकला की परीक्षा में आरोपी प्रबंधक और उसके बेटे ने उसे तीन हजार रुपये की मांग की। आशुतोष ने साफ किया कि वह नकल नहीं करना चाहता। इस पर प्रबंधक ने कहा कि सभी छात्रों को तय रकम देनी होगी। विरोध करने पर आशुतोष के साथ डंडों से मारपीट की गई। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधक ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है और छात्र पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। डीआईओएस को इसी प्रकार की शिकायत मुरसान के कोटा, भकरोई, नगला मोतीराय, अजरोई, असरोई के परीक्षा केंद्रों की भी मिली है। जिलाविद्यालय निरीक्षक ने इनकी जांच कराने का निर्णय लिया है। इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव का कहना है तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर कॉलेज प्रबंधक के विरुद्ध शिकायत दर्ज की जाएगी।