हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र में पुलिस अभी तक चोरी रोकने में नाकाम साबित हुई है। शहर की कई बड़ी चोरियां थाना क्षेत्र में हाल ही के दिनों में हुई हैं। गुरुवार रात को चोरों ने थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक मौजूद बागला मार्केट में मोबाइल की दुकान से एक से डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल और अन्य उपकरण चोरी कर लिए।
चोरों ने छत काटकर शेखर मोबाइल ट्रेडिंग में रखा ज्यादातर माल साफ कर दिया। इसमें दस स्मार्ट फोन, 38 बैटरी, कई दर्जन चार्जर, चिप, लीड आदि सामान था।
दुकान के मालिक शीलू ने जब शुक्रवार सुबह दुकान का शटर उठाया तब उन्हें दुकान में चोरी का पता चला। मालूम हो कि इस साल यह बागला मार्केट में हुई पांचवीं चोरी है। इससे पहले अरोरा ज्वैलर्स के यहां हुई चोरी के बाद पुलिस ने यहां गश्त तेज करने की बात कही थी, लेकिन इस चोरी ने यह साबित कर दिया कि पुलिस का ध्यान शहर के अंदरूनी इलाकों में हो रही चोरी पर नहीं है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद त्यागी का कहना है कि चोरी की शिकायत पर जांच-पड़ताल की गई है। दुकानों का पिछला हिस्सा कॉलेज के मैदान की ओर पड़ता है जो सुनसान है। कई दुकानदारों ने चोरी रोकने के लिए दुकानों में लोहे आदि का कार्य कराया है।
फोर्स की कमी के कारण मार्केट के लोगों को एक निजी चौकीदार रखने को कहा गया था। इस पर एकराय नहीं बनी। इस इलाके में पहले से अब ज्यादा पहरा दिया जाएगा।