फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एडीजे के बंद घर के ताले तोड़कर चोरी

Tue, 29 Dec 2015 11:47 PM IST
hathras
विज्ञापन
विज्ञापन
हाथरस। शहर की पॉश कॉलोनी वसुंधरा एंकलेव में एडीजे फास्ट ट्रैक कोर्ट राजकुमार बंसल के बंद मकान के ताले चटकाकर चोर जेवरात और नकदी ले गए। चोरों ने बड़े ही आराम से चोरी को अंजाम दिया और घर में रखे जूस और अन्य सामान को उड़ा गए। न्यायिक अधिकारी के घर में चोरी से पुलिस की गश्त और सुरक्षा के दावे की हवा निकल गई है।
विज्ञापन

मौके पर पहुंचे आला पुलिस अधिकारियों ने सुराग जुटाने के लिए क्राइम ब्रांच, एसओजी के अलावा फारेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की भी मदद ली है। इससे पहले भी इसी कॉलोनी में मुंबई में नियुक्त सेल्स टैक्स के उपायुक्त के बंद मकान से लाखों की चोरी हो चुकी है। एडीजे के अर्दली आशिक अली की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वसुंधरा एंकलेव में बांग्लादेश में भारतीय दूतावास के कर्मचारी राकेश जैन का मकान है। यह मकान कॉलोनी के बिल्कुल आखिरी हिस्से में है, जो बालापट्टी से लगता है। इसी मकान में एडीजे राजकुमार बंसल जून से किराए पर रह रहे हैं। सर्दियों की छुट्टियां होने के कारण 27 दिसंबर को वह परिवार के साथ दिल्ली चले गए थे। बंद मकान की सुरक्षा का जिम्मा एक होमगार्ड पर था।
विज्ञापन

सोमवार रात चोर मकान के बगल में पड़े खाली प्लॉट में छोटी चारदीवारी लांघकर पीछे से दाखिल हुए और मेन गेट का ताला चटकाकर मकान के अंदर पहुंच गए। साफ है कि होमगार्ड की गैर मौजूदगी में ही ऐसा संभव हो सका। चोरों ने मकान के अंदर पहुंचकर बाकी दरवाजों के कुंडे तोड़ दिए और अलमारियों, बक्सों और बैड के अंदर रखी नकदी और जेवरात पार कर दिए। अगले दिन सुबह 11 बजे घर की सफाई को पहुंची नौकरानी ने टूटा ताला और बिखरा सामान देखा तो उसने बाकी लोगों को सूचना दी।
एडीजे के यहां चोरी से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एएसपी अजय शंकर राय, सीओ सिटी राजेश पांडेय के अलावा सदर कोतवाल एके सिंह मौके पर पूरी टीम के साथ पहुंच गए। एडीजे भी चोरी की सूचना पर दोपहर बाद यहां आ पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुराग तलाश किए जा रहे हैं। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद से भी चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।
तहरीर में चोरी गए सामान का उल्लेख नहीं है। सामान की लिस्ट पुलिस को बाद में दी जाएगी। कोतवाल एके सिंह के मुताबिक जांच-पड़ताल कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द चोरी का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें