सादाबाद जलेसर मार्ग पर बुधवार की देर रात चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक ट्रैक्टर चालक को डेढ़ घंटे बंधक बनाए रखा। इसके बाद आलू से भरी ट्रॉली को लूट ले गए। ट्रॉली 202 आलूओं के बोरे से भरा हुआ था। बदमाशों ने ट्रैक्टर से उतार कर चालक को गेहूं के खेत में डेढ़ घंटे तक बंदी बनाए रखा। बदमाशों के छोड़ने के बाद चालक ने पुलिस एवं अपने परिजनों को फोन किया।
क्षेत्र के गांव खेरिया निवासी पूर्व प्रधान घूरे लाल पुत्र करन सिंह ट्रैक्टर रख कर खेती का काम करता है। बुधवार की रात वह अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में आलू के 202 बोरे भरकर सादाबाद जलेसर मार्ग पर स्थित मदन कोल्ड स्टोर सादाबाद ले जा रहा था। रास्ते में जेके इंटर कॉलेज तामसी के पास रोड में गड्ढे होने के कारण ट्रैक्टर की स्पीड कम थी। स्पीड कम होने पर रास्ते में दो बदमाश ट्रैक्टर पर चढ़ गए। जब चालक ने उनसे पूछा तो उन्होंने उसे मदन कोल्ड स्टोर जाने के बात कही।
रास्ते में पीहुरा राजवाहा के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा रख दिया एवं उन दोनों बदमाशों में से एक ने ड्राइविंग सीट सभांल ली। पीहुरा राजवाहा से ट्रैक्टर पर दो बदमाश और सवार हो गए। उन्होंने उसे ट्रैक्टर से उतार लिया और एक गेहूं के खेत में ले गए। जहां उसे डेढ़ घंटे तक तमंचे के बल पर बंदी बनाए रखा। जब ट्रैक्टर काफी दूर निकल गया तो दो बदमाश वापस आए एवं उन दो बदमाशों को बाइकों पर बैठाकर ले गए। वह किसी तरह से रोड पर आया एवं उसने पुलिस को फोन किया।
पुलिस को फोन न लगने पर उसने अपने परिजन एवं रिश्तेदारों को फोन से ही इस घटना से अवगत कराया। इतनी देर में ही पुलिस की गश्ती जीप आ गई। उसने उस जीप में बैठे पुलिसवालों को अपनी आप बीती बताई। इतने में उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए सभी ने मिलकर बदमाशों को काफी तलाश की लेकिन वह उनकी पहुंच से बाहर थे। कोतवाली निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश जारी है। शीघ्र ही इस ट्रैक्टर लूट का खुलासा किया जाएगा।