हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला झंडू निवासी किसान योगेश कुमार को एक ठग ने फोन कर खुद को बैंक का मैनेजर बताया और फिर खाते को आधार कार्ड से लिंक करने की बात कहकर एटीएम से जुड़ी अहम जानकारी ले ली। खाते से 20 हजार रुपये निकलने पर किसान को ठगी का पता चला और उसने बैंक पहुंचकर एटीएम को ब्लॉक कराया। किसान ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है।
किसान योगेश कुमार के मुताबिक आरोपी ठग ने उनसे सारी जानकारी ले ली। इसके बाद उनके फोन पर एक ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आया, आरोपी ने फोन कर पासवर्ड पूछ लिया और खाते से पांच हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। खाते से रुपये कटने का मैसेज जब किसान के मोबाइल फोन पर आया तो उसने आरोपी को फोन कर पैसे कटने के बारे में पूछा। इस पर आरोपी ने कहा कि कटे हुए पैसे जल्द वापस आ जाएंगे। यह मैसेज यूं ही हैं, इन पर वह ध्यान न दें। किसान आरोपी ठग की बातों में आ गया। इसके बाद आरोपी ने दो बार ओटीपी पूछे और किसान ने बता दिए।
एक बार पांच हजार और दूसरी बार में दस हजार रुपये खाते से कट गए। तीन बार में कुल मिलाकर 20 हजार रुपये खाते से कट चुके थे। अगली बार भी नया ओटीपी फोन पर आया लेकिन किसान ने फोन नहीं उठाया। अब किसान को ठगी का अहसास हुआ। वह बाइक से लाड़पुर स्थित एसबीआई पहुंचा और अपना खाता ब्लॉक करा दिया। पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर रही है।