हादसे में टेंपाो ड्राइवर की माैत
- फोटो : अमर उजाला, हाथ्ारस
हाथरस। सासनी क्षेत्र में हनुमान चौकी के पास चंदपा के एक टेंपो चालक को केंटर ने रौंद दिया। हादसे में घायल चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक टेंपो खराब होने पर उसे सड़क के किनारे ले जाने के लिए धक्का दे रहा था तभी यह हादसा हो गया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
चंदपा क्षेत्र के गांव नगला बना के राजेंद्र (25) के तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों को रोता-बिलखता देख दो साल के विशाल, तीन साल की कोमल और छह महीने के विवेक का भी रो-रोकर बुरा हाल है। राजेंद्र शनिवार की रात दस बजे टेंपो में कांवड़ियों को लेकर हाथरस से अलीगढ़ के लिए निकला था।
हनुमान चौकी के पास उसका टेंपो खराब हो गया। सवारियों को सुरक्षित दूसरे वाहनों में बैठाने के बाद वह अपने टेंपों को सड़क के एक ओर ले जाने की कोशिश में धक्का दे रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद सासनी थाना पुलिस ने केंटर को अपने कब्जे में ले लिया और उसके चालक को दबोच लिया। आरोपी चालक के विरुद्ध राजेंद्र के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
टेंपो चालकों में गुस्सा, हड़ताल पर रहे
टेंपो चालक की हादसे में मौत के बाद बाकी टेंपो चालकों में गुस्सा दिखाई दिया। अगले दिन कई टेंपो चालक हड़ताल पर रहे। दी न्यू इंडिया टेंपो टैक्सी एसोसिएशन ने बैठक कर राजेंद्र की मौत पर शोक प्रकट किया है।