सादाबाद की एक चौकी के इंचार्ज ने आगरा के पेठा विक्रेता को जांच के नाम पर चौकी में बैठा लिया। आरोप है कि उसे चरस बेचने में के आरोप में जेल भेजने और एनकाउंटर की धमकी देकर एक लाख रुपयों की मांग की। बाद में 62 हजार रुपये वसूलने के बाद चौकी से छोड़ा। पीड़ित ने आईजी से शिकायत की। मामले की जांच तीन महीने चली। इसके बाद बुधवार को चौकी इंचार्ज को निलंबित कर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दौरैठा, थाना शाहगंज निवासी सुनील कुमार बघेल गाड़ी से पेठा और सोनपपड़ी बेचने का काम करता है। 11 जनवरी को वह गाड़ी लेकर सादाबाद गया था। वह गांव मई पहुंचा था। यहां पर एक हलवाई की दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करके नाश्ता कर रहा था। तभी चौकी इंचार्ज सुधीर राघव पहुंचा।
आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने गाड़ी चेक की। इसके बाद चौकी पर लेकर चला गया। यहां पर सुनील को चरस में जेल भेजने की धमकी दी। इसके साथ ही कहा कि वह कई एनकाउंटर कर चुका है। उसका भी कर देगा। इसके बाद एक लाख रुपये की मांग की। सुनील ने अपने भाई से रुपये मंगवाए। शाम को सुनील से 62 हजार रुपये लेने के बाद छोड़ा। सुनील ने दूसरे दिन मामले की शिकायत आईजी आफिस में की। जांच के बाद आईजी सुजीत पांडेय ने चौकी इंचार्ज का निलंबित कर दिया है। वहीं उसके खिलाफ लूट की धारा में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। आईजी ने इसकी पुष्टि की है।
वर्दी पर लगे दाग