हाथरस। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। अलीगढ़ मंडल के सभी जिलों से फोर्स मंगाया गया है। बुधवार को डीपीएस सीनियर विंग में पुलिस ने रिहर्सल कर अपने सुरक्षा इंतजामों को परखा। मुलायम सिंह यादव 18 फरवरी को डीपीएस की अलीगढ़ रोड स्थित सीनियर विंग में सकल जैन समाज द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शिरकत करने आ रहे हैं। उनके साथ माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव भी समारोह में शामिल होंगे।
हाथरस जिले के सभी 11 थानों का फोर्स डीपीएस के आसपास तैनात किया गया है। सपा मुखिया की सुरक्षा को कई घेरों में बांटा गया है। हाथरस के अलावा अलीगढ़ और एटा के एएसपी को सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। सुरक्षाकर्मी अपनी ड्यूटी को सही से अंजाम दें इसके लिए हाथरस, अलीगढ़, एटा और कासगंज से कुल सात सीओ को लगाया गया है। वहीं कार्यक्रम स्थल तक जाने के लिए एंट्री गेटों पर चाक चौबंद सुरक्षा के लिए हाथरस के 11 एसओ समेत 16 एसओ की ड्यूटी लगाई गई है। दूसरे जिलों के 85 सिपाही और 55 दरोगा भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। बुधवार को मंगलायतन के पास सीनियर विंग में पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों का रिहर्सल किया। इस दौरान सभी सुरक्षाकर्मियों को उनकी तय ड्यूटी वाली जगह पर लगाया गया और वीवीआईपी की एंट्री कराई गई। इस दौरान आने वाली समस्याओं से परिचित होने के लिए ऐसा किया गया। डीएम और एसपी ने हैलीपैड का निरीक्षण किया। शाम को वीवीआईपी की फ्लीट ने रिहर्सल किया। लाल बत्ती लगीं कई कारें दौड़ती नजर आईं। इसके अलावा बुलैट प्रूफ कार और मोबाइल कमांड बस का इंतजाम भी किया गया है। वाईफाई नेटवर्किंग सिस्टम और अत्याधुनिक कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।