हाथरस। चंदपा के पास हुए एक सड़क हादसे में मेंडू निवासी दो सगे भाइयों के गंभीर रूप से घायल होने पर उनके पिता की सदमे से मौत हो गई। घायलों में से एक भाई को जहां अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर किया गया है, वहीं दूसरे भाई का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
मेंडू के ख्यालीराम को पिछले कई महीनों से सांस की बीमारी ने जकड़ रखा था। परिजनों ने बताया कि उनका आगरा के एक डॉक्टर से इलाज चल रहा था। शुक्रवार को वह छोटे बेटे सोनू और बड़े बेटे धर्मेश के साथ वह बाइक पर आगरा डॉक्टर के पास जा रहे थे। चंदपा के पास सामने से आती एक डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पिता ख्यालीराम को मामूली चोट आई। दोनों युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जबकि ख्यालीराम को परिजन सीधे मेंडू ले गए।
हादसे में घायल बेटों की हालत देख ख्यालीराम की तबियत घर पहुंचते ही बिगड़ गई। कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। दो बेटों के घायल होने पर परिवार के मुखिया ख्यालीराम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल अफसर एके सिंह ने बताया कि सोनू को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि धर्मेश को रेफर कर दिया गया है।