कौसानी/बागेश्वर। एआरटीओ ने बागेश्वर जनपद के विभिन्न रूटों में वाहनों की चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने पर दो वाहन सीज कर दिए जबकि 40 वाहनों का चालान किया गया। शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक का लाइसेंस रद्द कर दिया। एआरटीओ की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में खलबली मच गई। एआरटीओ विमल पांडेय ने गुरुवार को बागेश्वर, काफलीगैर, गरुड़, कौसानी रूटों में वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान एक मैक्सी चालक शराब के नशे में मिला। एआरटीओ ने सख्ती दिखाते हुए चालक का लाइसेंस निरस्त करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
फिटनेस न होने पर एक छोटा हाथी को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 40 वाहन चालकों के चालान काटे गए। एआरटीओ ने बताया कि इस समय टूरिस्ट सीजन चल रहा है। अधिकतर चालक यातायात नियमों के विपरीत वाहनों का संचालन करते हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वाहनों की चेकिंग का कार्य जारी रहेगा। यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ की कार्रवाई से वाहन चालकों में खलबली मच गई।