हाथरस। गर्मी के मौसम में सरकारी अस्पतालों में उमड़ रही है, लेकिन भीड़ के आगे सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं गड़बड़ा रही हैं। बुधवार को भी इस बात को लेकर महिला जिला अस्पताल में मरीजों ने हंगामा किया।
भीषण रूप से पड़ रही गर्मी में संक्रामक रोगों के फैलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पर्चा बनवाने से लेकर दवा वितरण काउंटर और चिकित्सकों के कमरों में बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं। बुधवार को जिला महिला अस्पताल में सुबह से ही महिला रोगियों की काफी भीड़ थी। हालात ये थे कि चिकित्सक के कमरे के बाहर काफी लंबी लाइन लगी हुई थी। ऐसे में अचानक चिकित्सक कुछ देर के लिए ड्यूटी से गायब हो गईं। काफी देर तक जब चिकित्सक की कुर्सी खाली रही तो मरीजों में काफी रोष पैदा हो गया। महिला मरीजों ने चिकित्सक पर इसी तरह बार बार ड्यूटी से गायब होने का आरोप लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। किसी तरह अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। इस दौरान चिकित्सक के लौट आने के बाद लोग शांत हो गए।
-चिकित्सक के बार-बार गायब होने के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा हो रहा है तो वह इसकी जांच कराएंगी।
- डॉ. कंचन अग्रवाल, सीएमएस, महिला अस्पताल