बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े केएल जैन इंटर कॉलेज के सामने संजय कॉलोनी में एक घर में घुसकर दंपति को बंधक बना लिया। बदमाश हथियारों के बल पर सवा दो लाख रुपये और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात लूट कर ले गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस देर तक आरोपियों की तलाश में जुटी रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिर्रा के रहने वाले राकेश शर्मा ने कुछ समय पहले ही संजय कॉलोनी में अपना घर बनाया है। राकेश और उनकी पत्नी अंजू शर्मा भांजी की शादी के लिए बुधवार दोपहर को वह सेंट्रल बैंक से दो लाख रुपये निकालकर घर पहुंचे थे। इसके बाद राकेश शर्मा एक अन्य काम से घर से चले गए और कुछ देर बाद लौटकर आए। पति-पत्नी घर के अंदर बात कर रहे थे। घर का दरवाजा खुला हुआ था। कुछ देर बाद ही छह बदमाश उनके घर के अंदर घुस आए।
इनमें से दो बदमाश लोगों पर नजर रखने के लिए घर से बाहर चले गए और कॉलोनी में टहलते रहे। बाकी बदमाशों ने दंपति पर तमंचे तान दिए। घर के अंदर मौजूद चार बदमाशों में से दो ने नकाब पहना था और दो के चेहरे खुले हुए थे। दंपति कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने घर के मेन गेट पर कब्जा जमा लिया, हालांकि उसने घर का दरवाजा बंद नहीं किया जिससे लोगों को शक न हो। दूसरा बदमाश छत को जाने वाले झीने के दरवाजे पर खड़ा हो गया। बदमाशों ने दंपति को पीटा और दोनों को अलग-अलग कमरे में बंद कर दिया। अलमारी में चाबी लगी होने से बदमाशों का काम आसान हो गया।
उन्होंने बैंक से निकाले गए दो लाख रुपये के अलावा अलमारी में रखे 20 हजार रुपये और 17 तोले सोने के जेवरात, लाखों की कीमत के चांदी के जेवरात और कई महंगे कीमती मोबाइल फोन लूट लिए। वह दोनों पति-पत्नी को उनके कमरे में बंद करने के अलावा जाते समय मेन गेट को भी बाहर से बंद कर गए।
बदमाशों के जाने के बाद पड़ोसियों ने अंजू शर्मा की रोने-चीखने की आवाज सुनकर मेन गेट खोला। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की भनक पड़ोसियों तक को नहीं लगी। सभी ने बदमाशों को जाते देखा, लेकिन किसी को उनके बारे में पता नहीं था। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंजू के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं। नाकेबंदी कर चेकिंग भी की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
बल पूर्वक चोरी में दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में पुलिस ने घटना को बेहद कम आंकते हुए बलपूर्वक चोरी की धाराओं में दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी सासनी पुलिस इस तरह लूट और डकैती की वारदातों को बलपूर्वक चोरी की धाराओं में दर्ज कर चुकी है।
बाेले एएसपी -
वारदात बेहद संगीन है। नाकेबंदी कराकर सभी जगह चेकिंग की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। पुलिस जल्द से जल्द इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
- अरविंद कुमार, एएसपी