अलीगढ़ रोड पर जैन तीर्थधाम मंगलायतन स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को ही बदमाश उखाड़कर ले गए। घटनास्थल से पुलिस चौकी भी चंद कदम की दूरी पर है, इसलिए पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। चोरी के वक्त एटीएम में कितना कैश था, इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों के पास नहीं है। वे इसकी जानकारी के लिए आडिट कराने की बात कह रहे हैं। पुलिस की मानें तो यह घटना 1/2 जनवरी की रात को हुई है, लेकिन मंगलायतन प्रबंधन ने उन्हें बुधवार की शाम को इसकी इत्तला दी।
मंगलायतन के बाहर पीएनबी अलीगढ़ की महेंद्रनगर शाखा का एटीएम लंबे समय से लगा हुआ है। सासनी पुलिस को बध्ुावार की शाम को मंगलायतन अधिकारियों की तरफ से सूचना दी गई यह एटीएम उखड़ा पड़ा है। बदमाशों ने न केवल एटीएम का मॉनीटर और की-बोर्ड तोड़ दिया, बल्कि जिस हिस्से में कैश रहता है, उसे उखाड़कर ले गए। बताते हैं कि इसकी जानकारी एक छात्र द्वारा पास ही स्थिति दिल्ली पब्लिक स्कूल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी बृजमोहन और मंगलायतन के प्रबंधक सुधीर शास्त्री को दी गई।
उन्होंने अपने सीए के जरिए इसकी सूचना शाखा प्रबंधक को दी। बुधवार को पीएनबी की महेंद्र नगर, अलीगढ़ शाखा के प्रबंधक अरुण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना पर एएसपी डॉ. अरविंद कुमार, सीओ सुमन कनौजिया, सीओ सिकंदराराऊ और कोतवाल सासनी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी बुला ली गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कुछ सैंपल उठाए हैं।
मंगलायतन में रहने वालों से अधिकारियों ने यह सवाल भी किया कि घटना के बारे में देरी से क्यों पुलिस को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि एटीएम से अंतिम ट्रांजेक्शन 30 दिसंबर को हुआ है। रिकॉर्ड से पता चलता है कि इस घटना को एक-दो जनवरी की रात को अंजाम दिया गया है।
--------
एटीएम को बदमाशों ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। घटना एक-दो जनवरी की रात की है, लेकिन हमें बुधवार को इसकी सूचना मिली है। कैश के बारे में अभी बैंक प्रबंधक भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
-डॉ.अरविंद कुमार, एएसपी हाथरस