हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला सिंगी में मंगलवार आधी रात के बाद बदमाशों ने एक मकान पर धावा बोलकर एक दंपति की बेरहमी से पिटाई की और मकान मालिक के दांत प्लास से उखाड़ दिए। इसके बाद हजारों की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दंपति को उपचार के लिए पहले बागला जिला अस्पताल उसेक बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
बदमाशों ने बीती रात नगला सिंगी में नरेश के मकान पर धावा बोल दिया। उसके बाद नरेश और उसकी पत्नी गुड्डी देवी को बंधक बना लिया। फिर दोनाें की बेरहमी से
पिटाई की गई। उन्हाेंने नरेश के दांत भी प्लास से उखाड़ लिए। बदमाशों ने गुड्डी और उसके पति को फांसी से लटका कर जान से माने की धमकी देकर कीमती सामान, जेवर, रुपये आदि अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सोमी पुत्र सोनिया निवासी नगला सिंगी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट का मुकदमा दर्ज किया है। बताते हैं कि वारदात को अंजाम देने से पूर्व बदमाशों ने गांव के पास चल रहे जेर्के इंट उद्योग के श्रमिकाें के साथ भी मारपीट एवं लूटपाट की। कोतवाली हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह ने बताया कि मामला लूट का नहीं, बल्कि रंजिश का लगता है। जांच के बाद ही सारे मामले का खुलासा हो पाएगा। उन्हाेंने बताया कि श्रमिकाें की ओर से पुलिस को किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।
एक और वारदात से पुलिस को चुनौती
शहर की रावत नगर कॉलोनी में हुई लूट और हत्या के मामले में अभी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं। इससे पूर्व भी नगला सिंगी में वारदात कर बदमाश पुलिस को चुनौती दे चुके हैं। इसके बावजूद इन वारदाें के तमाम खुलासे नहीं हो पाए हैं।