हाथरस। पुलिस के मुताबिक झगड़ा करने वाले दोनों पक्ष एक ही समुदाय के हैं, लेकिन इनके झगड़े में देर तक हुई फायरिंग की चपेट में आने वाले तीनों लोग दूसरे समुदाय के हैं। फायरिंग के बाद ज्यादातर लोगों को झगड़े के बारे में पता नहीं था। लोग दहशत में थे और दंगा होने की आशंका जता रहे थे। अगर पुलिस समय से मौके पर नहीं पहुंचती तो दूसरे समुदाय के लोग भी अपने बचाव में जवाबी फायरिंग कर सकते थे, जिससे सांप्रदायिक झगड़ा हो सकता था। ऐसे में हालात को काबू पाना मुश्किल हो सकता था। एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा का कहना है कि झगड़े से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है। ऐसा करने वालों पर रासुका की कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले आरोपियों पर गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पथराव के बाद धार्मिक ग्रंथ पढ़ने लगीं महिलाएं
लाला के नगला में कुछ देर पहले तक पथराव कर रही महिलाएं भारी पुलिस बल और अधिकारियों के पहुंचने पर धार्मिक ग्रंथ पढ़ने लगीं। पुलिस को यह जताने की कोशिश की गई जैसे कुछ हुआ ही नहीं। कई घरों में महिलाओं को धार्मिक ग्रंथ पढ़ते देख पुलिस सारा माजरा समझ गई। बाद में पुलिस के कैमराें ने इन महिलाओं की चोरी पकड़ ली। एक तस्वीर में जो महिला पथराव करते नजर आ रही थी, वही पथराव के तुरंत बाद धार्मिक ग्रंथ पढ़ रही थी।
अब तक चार मुकदमे दर्ज, 116 पर आरोप
हाथरस। बुधवार और गुरुवार को हुए झगड़े में अभी तक चार मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 116 लोगों को आरोपी बनाया गया है। बुधवार की रात जाकिर और सईद की ओर से एक-एक मुकदमा दर्ज कराया गया। जाकिर पुत्र लियाकत अली की शिकायत पर पुलिस ने धारा 147, 148, 323, 504, 307, 506 और 427 के तहत सईद पुत्र हाजी शकूर, सगीर पुत्र सईद, जाकिर पुत्र शरीफ और जब्बू पुत्र शरीफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी समय पुलिस ने सईद की शिकायत पर धारा 147, 148, 336, 323, 452, 307 के तहत इकबाल पुत्र बाबुद्दीन, जाकिर पुत्र लियाकत, जाबिद पुत्र जाकिर, सनी पुत्र पप्पू, पप्पू पुत्र झबरू, ताहिर पुत्र बुद्धी, शकील पुत्र पप्पू समेत आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। इन दोनों मुकदमों में 12 लोग आरोपी बने, जबकि गुरुवार सुबह सदर कोतवाल मनोज शर्मा ने 44 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। वहीं फायरिंग में घायल वीरेंद्र कुमार गोस्वामी निवासी गांधी नगर के बेटे संतोष गोस्वामी ने अज्ञात 30 लोगों के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा गया है कि जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई जिसमें उनके पिता और विजय नगर कॉलोनी निवासी संजीव शर्मा घायल हो गए।
- झगड़ा करने वाले एक पक्ष से जाकिर और असगर और दूसरे पक्ष से सईद और सगीर को गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही बाकी आरोपियाें की गिरफ्तारी की जाएगी। सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के बारे में विचार किया जा रहा है। रासुका की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
डॉ. अजयपाल शर्मा, एसपी