हाथरस। छेड़खानी के आरोप से परेशान एक सेवानिवृत्त फौजी ने कलेक्ट्रेट परिसर में विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। इससे कलेक्ट्रेट परिसर में खलबली मच गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत में उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। गजेंद्र का कहना था कि उस पर लगाया गया आरोप झूठा है लेकिन अधिकारी उसकी बात नहीं सुन रहे।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अन्तर्गत सिद्धार्थ नगर निवासी सेवानिवृत्त फौजी गजेंद्र पाठक पर पिछले दिनों छेड़खानी का आरोप लगाते हुए एक महिला ने थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गजेंद्र खुद को बेकसूर बता रहा था। पुलिस ने इस मामले में उसे जेल भी भेज दिया था। अब शुक्रवार को वह इसी सिलसिले में कलेक्ट्रेट आकर अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखने लगा। जानकारों की मानें तो अधिकारियों ने उसकी बात को ज्यादा तवज्जो नहीं दिया।
ससे आहत होकर उसने कलेक्ट्रेट परिसर में ही सल्फास का सेवन कर लिया। इससे उसकी उसकी हालत बिगड़ गई। यह देखकर आनन-फानन में मुरसान पुलिस उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गई। वहां एसडीएम सदर अरुण कुमार व सीओ सिटी सुमन कनौजिया भी पहुंच गए। गजेंद्र की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने वहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया। एसडीएम सदर का कहना था कि उन्होंने गजेंद्र को अपने पास बुलाया था लेकिन वह नहीं आया।