चार साल पहले किसान के बैंक खाते से जबरन रुपये निकाले जाने के मामले में प्रदेश सरकार के उप सचिव ने डीएम को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं केंद्रीय सूचना आयोग ने भी बैंक को खाते से संबंधित सभी जरूरी जानकारी पीड़ित किसान को देने के आदेश दिए हैं।
चार साल पहले हसायन क्षेत्र के गांव पिछौती के किसान बनवारीलाल ने पुलिस से शिकायत करते हुए गांव के दबंगों पर उनके बैंक खाते से जबरन 40 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। बीते चार साल से बनवारीलाल आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। मानवाधिकार कार्यकर्ता अनुराग ज्योति ने इस संबंध में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की और आरटीआई के तहत संबंधित बैंक से भी जानकारी मांगी थी।
बैंक के जानकारी न देने पर कार्यकर्ता ने केंद्रीय सूचना आयोग से इस बारे में शिकायत की थी। जनसुनवाई पोर्टल पर अनुराग ज्योति को कई बार शिकायत करनी पड़ी। पोर्टल पर की गई शिकायतों का निस्तारण बिना किसान का पक्ष जाने ही कर दिया गया। इस बार की गई शिकायत को यूपी सरकार के उप सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने गंभीरता से लिया और डीएम को उचित कार्रवाई के आदेश दे दिए। केंद्रीय सूचना आयोग ने भी बैंक को जल्द से जल्द सूचना देने के लिए कहा है। आयोग ने सूचना न देने पर बैंक प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।