हाथरस। जिलेभर में 20 बैंक ऐसी हैं जहां सुरक्षा बंदोबस्त अधूरे हैं। यहां किसी वारदात को अंजाम देना अपराधियों के लिए ज्यादा आसान है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान ऐसे बैंकों को नोटिस जारी कर सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने को कहा है।
बैंक और एटीएम से निकलने वाले लोग अक्सर लुुटेरों के निशाने पर रहते हैँ। कई बार लुटेरे अपने शिकार के पीछे बैंक के अंदर तक पहुंच जाते हैं और लूटी जाने वाली रकम का अंदाजा लगा लेते हैं। इतना ही नहीं कई बार तो संगठित गिरोह बैंकों के सीसीटीवी, सायरन, गार्ड आदि की कमियां पताकर बैंकों में बड़ी डकैती या चोरी को अंजाम दे देते हैं। ऐसे में सारा दोष पुलिस के मत्थे मढ़ दिया जाता है। पुलिस प्रशासन ने अब गेंद बैंकों के पाले मेें डालना शुरू कर दिया है। बैंक चेकिंग काफी बढ़ा दी गई है। बैंकों के निरीक्षण के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी वहां मिली खामियों को एक रजिस्टर में दर्ज करता है और संबंधित बैंक मैनेजर को भी इससे अवगत कराता है। मंगलवार को खुद एसपी ने शहर की कई बैंक चेक की थीं। बुधवार को भी बैंक चेकिंग जारी रही। बैंकों में पाई जाने वाली कमियां दूर न होने पर अब बैंक प्रबंधन को नोटिस दिया जा रहा है, साथ ही अपनी कमियाें को दुरुस्त करने को कहा जा रहा है। हाथरस गेट थाना क्षेत्र में कुल 12 में से छह बैंकों को नोटिस दिया गया है। एसओ केपी सिंह का कहना है कि चेकिंग के दौरान मिली कमी को दूर करने को कहा गया है ताकि बैंक आने वाले लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।