अपर जिला जज फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम राजकुमार बंसल के न्यायालय ने दुष्कर्म के एक आरोपी को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने दोषी को सात वर्ष की कैद एवं 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने यह भी व्यवस्था दी है कि अर्थदंड अदा नहीं करने की स्थिति में दोषी को चार माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
कोतवाली सिकंदराराऊ में पीड़िता के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाए कि उसकी नाबालिग बेटी को 31 जुलाई, 2013 को वीरभान निवासी भटीकरा बहला-फुसलाकर ले गया। जब गांव के कुछ संभ्रांत लोगों को लेकर वह आरोपी के गांव में उसके घर गया तो परिवार के सभी लोग मकान का ताला बंदकर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद किशोरी को बरामद कर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। न्यायालय ने इस मामले में दोनों पक्षों के विद्वान अधिवक्ताओं को सुना।
आरोपी के अधिवक्ता द्वारा बचाव में दी गई दलीलों के विपरीत एडीजीसी एसएस चौहान ने न्यायालय के सामने पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत किए। न्यायालय ने इनके आधार पर आरोपी को दोषी माना है।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव में सोमवार दोपहर को रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना घटी। हैवान बने पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं, मां-बेटी कहीं पुलिस से शिकायत न कर दें, इसलिए उन्हें घर में बंधक बना लिया। किसी तरह घर से भागकर पीड़िता की मां थाने पहुंची और पुलिस को अपनी बेटी के साथ हुई हैवानियत के बारे में बताया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
हाथरस जंक्शन थाने के कोतवाल तेजवीर सिंह यादव के मुताबिक सोमवार शाम को थाने पहुंची महिला ने पुलिस को बताया दोपहर को उसका पति बेटी को साथ लेकर खेत पर घास काटने गया था। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि पति की बुरी नजर उसकी बेटी पर है। घास काटने के दौरान आरोपी ने अपनी बेटी को खेत में गिरा लिया और दुष्कर्म किया। बेटी के शोर मचाने पर पास के खेत में काम रही उसकी मां दौड़कर खेत पर पहुुंची। मां ने जब बेटी के साथ हुए दुष्कृत्य का विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
महिला अपनी बेटी को लेकर खेत से घर पहुंची तो पीछे-पीछे उसका पति भी पहुंच गया। दोनों को मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए मुंह बंद करने को कहा। डरी-सहमी मां-बेटी कई घंटे तक कमरे में बंद रहीं। आरोपी के घर से बाहर जाने के बाद मां ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। हाथरस जंक्शन थाने के कोतवाल तेजवीर सिंह यादव का कहना है कि आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।