लूट की घटना के बाद पीड़ितों के घर पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बदमाशों ने बुधवार को पुरदिलनगर मार्ग पर रोड होल्डअप कर जमकर लूटपाट की। बुधवार तड़के ई-रिक्शा में बैठकर कस्बा पुरदिलनगर जा रहे दो युवक और एक युवती को असलहों के बल पर बदमाशों ने लूट लिया। रिक्शे में एक अन्य युवक भी इनके साथ था, लेकिन वह किसी तरह लूटपाट से बच गया। विरोध करने पर एक युवक की कमर से तमंचा सटाकर बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में गोली निकालने के पश्चात आईसीयू में दाखिल कर दिया गया है। बदमाशों ने 20 हजार रुपये और कपड़ों से भरा बैग लूट लिया। इससे पूर्व एक मैक्स गाड़ी के चालक से साढ़े छह हजार रुपये लूटकर बदमाशों ने उसे बांधकर पास के बाग में फेंक दिया। सुबह जब सड़क पर चहल-पहल शुरू हुई, तब जाकर लूटपाट का यह सिलसिला रुका। सूचना पर एएसपी संसार सिंह भी कोतवाली पहुंच गए।
बता दें कि कस्बा निवासी विजय नुमाइश में जगह-जगह आर्टिफिशियल ज्वैलरी की स्टॉल लगता है। विजय के साथ राहुल और सोनू भी काम करते हैं। गुजरात में काम करने के पश्चात ये लोग दिल्ली में विजय की मौसी के यहां आए और वहां से उसकी मौसेरी बहन पिंकी के साथ दिल्ली से बस द्वारा सिकंदराराऊ आए और 100 रुपये में भाड़े पर ई-रिक्शा लेकर पुरदिलनगर के लिए रवाना हुए। नहर पुल से थोड़ा पहले बदमाशों ने एक पेड़ काटकर सड़क पर डाल दिया था और रास्ता बंद कर रखा था। ई-रिक्शा रुकते ही चार-पांच बदमाश हाथों में तमंचा लेकर आ गए और सभी को गाड़ी से उतार लिया। ई-रिक्शा में रखे बैग को छीनने लगे। दो बदमाशों ने दूसरे युवक सोनू से जेब में रखे सात हजार रुपये लूट लिए। बैग लूटने का विजय ने प्रतिरोध किया तो बदमाशों ने डराने के उद्देश्य से हवा में कई फायर किए। विजय फिर भी काबू में नहीं आया तो तमंचा उसकी कमर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही विजय सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। इधर, गोली की आवाज सुनते ही कई लोग, जोकि सुबह टहल रहे थे घटनास्थल पर पहुंचने लगे। यह देखकर कुछ बदमाश बाइक पर बैठकर और कुछ अंधेरे का लाभ उठाकर पैदल ही सुरक्षित निकल गए। बाद में कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल विजय को सीएचसी ले गई। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बाद में पता चला कि इससे पूर्व सड़क पर पेड़ कटा होने के कारण सिकंदराराऊ आ रही एक मैक्स गाड़ी को भी बदमाशों ने रोका और तमंचे के बल पर उसके चालक जसवीर निवासी संभल मुरादाबाद से साढ़े छह हजार रुपये लूटकर उसे पास के आम के बाग में बांध कर डाल दिया। बदमाशों का उद्देश्य और लूटपाट करना था, लेकिन गोली चलने से लोगों के आ जाने से वे सफल नहीं हो पाए। इस वारदात से इलाके में खलबली मच गई।