नई नवेली पत्नी व साली के साथ बाइक से आगरा से ताजमहल देखकर लौट रहे युवक की पत्नी की साड़ी का पल्लू पति की मौत का कारण बन गया। वहीं पत्नी व साली घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक थाना हाथरस गेट के गांव नगला सड़क निवासी मनोज पुत्र राजवीर(25) की शादी तीन माह पूर्व हुई थी। रविवार को मनोज अपनी पत्नी मधु व साली ज्योति को बाइक द्वारा ताजमहल दिखाने ले गया था। आगरा से लौटते समय दोपहर करीब तीन बजे जैसे उसकी बाइक सादाबाद से पहले वेदई बंबे के निकट पहुंची तभी अचानक पीछे बैठी उसकी पत्नी मधु की साड़ी का पल्लू बाइक के पहिये में फंस गया और बाइक असंतुलित होकर बंबे में जा गिरी।
बाइक के बंबे मे गिरते ही तीनों लोग घायल हो गए, जिसमें मनोज के सिर में गंभीर चोट आईं। बाइक के बंबे में गिरते ही आसपास के राहगीर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगोें ने घायलों को बंबे से निकाला और टेंपो से उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई। चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना पाकर मृतक मनोज की मां व भाई योगेश सीएचसी पहुंच गऐ
उपनिरीक्षक रविकांत के मुताबिक मृतक मनोज के भाई योगेश ने पुलिस को लिखित में दिया है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं और न ही मृतक का पोस्टमार्टम कराना चाहते हैं। परिजन मृतक मनोज के शव को अपने साथ ले गए।