आगरा के शाहगंज निवासी पेठा व्यापारी सुनील कुमार बघेल को मई पुलिस चौकी पर बंधक बनाकर और डरा-धमकाकर एक लाख रुपये की चौथ मांगने के आरोपी दरोगा सुधीर राघव के साथ चौकी पर तैनात सिपाही पवन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। आईजी सुजीत पांडेय के आदेश पर सादाबाद कोतवाली में दोनों के विरुद्ध लूट, बंधक बनाने, चौथ वसूली और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईजी को दी शिकायत में पेठा व्यापारी सुनील कुमार बघेल ने कहा है कि वह अपने मिठाई के कारोबार के सिलसिले में मई गए थे। तत्कालीन चौकी इंचार्ज ने उन्हें चौकी पर ले जाकर बंधक बना लिया और फोन भी छीन लिया। एनकाउंटर का डर दिखाकर एक लाख रुपये देने पर छोड़ने की बात कही। इस पर सुनील ने अपने भाई से 50 हजार रुपये मंगाए और 12 हजार रुपये उनके पास थे।
62 हजार रुपये लेने के बाद आरोपी ने व्यापारी को छोड़ दिया, लेकिन शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। मामले में आईजी के आदेश पर जांच भी की गई, जिसमें आरोपी दरोगा और सिपाही को बचाने की पूरी कोशिश की गई थी। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर आईजी ने फाइल को तलब कर लिया था और दरोगा और सिपाही को निलंबित कर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए थे।