हत्या के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हसायन क्षेत्र के गांव नगला डांडा में गुरुवार सुबह 11 साल के आदित्य का शव पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने रंजिशन बच्चे की हत्या करने का आरोप गांव के दो सगे भाइयों पर लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। कुछ दिन पहले अंडौली के पास खेत में भट्ठे के ट्रैक्टर चालक इंद्रवीर का शव भी इसी तरह हत्या के बाद पेड़ पर लटका दिया गया था।
आदित्य गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। वह बुधवार शाम से गायब था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
आदित्य के गुम होने की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने बच्चे को तलाश करने की कोई कोशिश नहीं की। गुरुवार सुबह गांव के लड़कों ने आदित्य के शव के पेड़ पर लटका होने की जानकारी परिजनों को दी। बच्चे का शव मिलने की खबर से गांव में कोहराम मच गया। मौके पर एएसपी राममूरत यादव, सीओ सिकंदराराऊ डीके बालियान और एसओ हसायन गंगाप्रसाद यादव भी पहुंचे।
आदित्य के ताऊ नरेश पुत्र दाताराम ने पुलिस को बताया कि कई साल पहले गांव में बंटू के पुत्र राजा का अपहरण हुआ था। अपहरण के आरोप में आदित्य का पिता महेश पिछले दस साल से जेल में है। महेश से बदला लेने के लिए बंटू और उसके भाई नरेश ने आदित्य की हत्या की है।
आदित्य के ताऊ नरेश ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं है। वही आदित्य और उसकी बड़ी बहन रेशमा की देखभाल करते हैं। वह दोनों बच्चों के मौसा भी हैं। हसायन एसओ गंगाप्रसाद यादव का कहना है कि नरेश पुत्र दाताराम की शिकायत पर आरोपी बंटू और उसके भाई नरेश के विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है, इसके बाद ही साफ तौर पर कुछ कहा जा सकता है।