दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी को जहरखुरानों ने लूट लिया। आरोपियों ने रोडवेज बस में उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए सिकंदराराऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती तो करा दिया, लेकिन लूट की बात से पुलिस इंकार कर रही है। सीएचसी में होश आने पर गुरुवार को थाना विजयगढ़ क्षेत्र के गांव नगला बरी के सूबेदार पुत्र हाकिम सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से अपने गांव आने के लिए बस में बैठे थे।
रास्ते में जहरखुरानों ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। रोडवेज बस के चालक और परिचालकों ने सूबेदार को किसी अस्पताल या थाने पहुंचाने की जगह जीटी रोड पर मंडी समिति के पास सड़क के किनारे पटक दिया और बस लेकर चले गए। लोगों ने जब सूबेदार को सड़क पर पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर सिकंदराराऊ राजेश्वर प्रसाद त्यागी का कहना है कि लूट नहीं की गई है। सड़क किनारे एक व्यक्ति बेसुध मिला था, उसका उपचार सीएचसी में कराया गया है।