हसायन। कोतवाली क्षेत्रनिवासी एक किशोरी को दो युवक नौकरी के नाम पर बहला-फुसलाकर नोएडा ले गए। वहां ले जाकर दोनों युवकों ने किशोरी को अपने दोस्त और रिश्तेदार के कमरे में बंधक बनाकर पांच दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। जब इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो उन्होंने आरोपियों के घरवालों पर दबाव बनाकर किशोरी को लाने के लिए कहा। काफी दबाव डालने पर आरोपी सातवें दिन किशोरी को सिकंदराराऊ छोड़कर यह धमकी देकर चले गए कि अगर मुकदमा लिखवाया तो लड़की को फिर से उठा ले जाएंगे।
शुक्रवार की रात किशोरी के माता-पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सुरजन सिंह का कहना है कि किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट तीन युवकों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की पुष्टि होने पर धारा बढ़ाई जाएंगी।