कपड़ों की दुकान में चोरी के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
शहर में चोरी की वारदातें थम नहीं रहीं। सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात को चोरों ने दो जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। एक जगह से घर वालों की मौजूदगी में सूने मकान के ताले तोड़कर चोरों ने 1.20 लाख की नकदी पार कर दी। दूसरी घटना में चोरों ने एक गारमेंट्स कारोबारी की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये के कपड़े चोरी कर लिए। दोनों ही मामलों की पुलिस को शिकायत सौंपी गई है। पुलिस इन घटनाओं की जांच कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र की 5/157 आवास-विकास कॉलोनी में विद्युत विभाग के बाबू इंद्रपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ घर में अकेले रहते हैं। उनके दोनों पुत्र सरकारी सेवा में होने के कारण परिवार के साथ बाहर रहते हैं। उनकी पुत्री आगरा में रहकर पढ़ाई कर रही है। गत दिवस आगरा में पढ़ रही पुत्री की बीमारी की सूचना पाकर यह दंपती मकान को ताला लगाकर घर से चले गए। इस दौरान रात्रि में चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर मकान में रखे 1.20 हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने इस रकम को अपने मकान के निर्माण कार्य के लिए बैंक खातों से निकाला था।
दूसरी घटना में हनुमान गली में ऊषा गारमेंट नाम की फर्म के संचालक प्रतिदिन की तरह बुधवार की शाम को भी दुकान का ताला लगाकर घर चले गए। इस दौरान बीती रात किसी चोरों ने इस प्रतिष्ठान का ताला तोड़कर यहां से हजारों रुपये कीमत के कपड़े चोरी कर लिए। सदर कोतवाली के प्रभारी एसओ राकेश पांडेय ने बताया कि आवास-विकास कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जबकि हनुमान गली में गारमेंट्स कारोबारी के यहां हुई चोरी के मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।