दुकान में चोरी के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सर्दी के दिनों में अब चोर भी सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार की रात चोरों ने राया रोड पर स्थित राधारानी फर्नीचर हाउस के दरवाजे को तोड़कर लाखों रुपये की एलईडी टीवी, होम थियेटर और प्रेस सहित अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। गल्ले से नकदी को भी पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई। सूचना पर मौके पर सीओ और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने भी घटना स्थल का दौरा किया।
जानकारी के मुताबिक राया रोड पर रामकिशोर पुत्र बलराम सिंह निवासी सलेमपुर रोड सादाबाद पर भूपेंद्र इलेक्ट्रीशियन एंड राधारानी फर्नीचर हाउस के नाम से दुकान है। 18-19 दिसंबर की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बना लिया। चोरों ने दुकान का पीछे का गेट तोड़कर दुकान में रखी 18 एलईडी, 20 प्रेस, दो होमथियेटर और दस हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। आसपास काफी छानबीन भी की गई, लेकिन घटना के संबंध में पता नहीं चल सका है।
दुकानदार ने बताया कि दुुकान में एक तख्त पर बिछी चादर में ही एलईडी टीवी को ले गए। एक सरिया के माध्यम से गेट को तोड़ा गया। सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। इधर, सीओ योगेश कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया। घटना के संबंध में रामकिशोर ने थाने में घटला के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।