मीरपुर के निकट सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
अलग अलग स्थानों पर बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। इन दुर्घटनाओं में बाइक और बुलेट क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों ही घटनाओं में चौपहिया वाहनों ने दुपहिया वाहनों में टक्कर मार दी। घायलों का उपचार सीएचसी पर कराया गया।
जलेसर रोड पर गंदेनाले के पास एक अज्ञात वाहन ने बुलेट सवार को रौंद दिया। इस बुलेट सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस घटना में रामबृज पुत्र सत्यराम निवासी हबीबपुर थाना महावन की मौत हो गई। शव को पुलिस द्वारा सीएचसी लाया गया। जहां उसके परिजन भी पहुंच गए। करूण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
इधर, गांव मीरपुर के पास हुई सड़क दुर्घटना में बाइक के आगे सांड़ आ गया, जिससे बाइक असंतुलित हो गई। बाइक सवार राजेंद्र पुत्र धर्मवीर निवासी नगला अलिया और नरेंद्र उर्फ गुड्डुू पुत्र लटूरी सिंह निवासी नगला अलिया बाइक सहित नीचे गिर गए। घायलों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को आगरा के लिए रैफर कर दिया गया।