सहपऊ (हाथरस)। क्षेत्र के गांव नगला सलेम में पेड़ पर टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से नल मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। उसका एक अन्य साथी भी बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सादाबाद-जलेसर रोड जाम कर दिया। एसडीएम और सीओ सादाबाद के पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली। देर रात तक जाम लगा हुआ था। रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक एटा जिले का है। इसलिए वहां का कोई अधिकारी मौके पर आकर मुआवजे का ऐलान करे।
बताते हैं, एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के गांव बछेपुरा का अनिल कुमार (40 वर्ष) और नगला सलेम निवासी कालीचरण नल मरम्मत का काम करते थे। दोनों नल की मरम्मत के सिलसिले में नगला सलेम आए थे। शुक्रवार की शाम काम के बाद अनिल कुमार और कालीचरण कुछ देर के लिए पास के एक पेड़ से पीठ सटाकर बैठ गए।
इस पेड़ पर पहले से विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरा हुआ था। जिसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में दोनों आ गए। इससे अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालीचरण गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद विद्युत महकमे के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सादाबाद-जलेसर रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम सादाबाद अभिषेक सिंह और सीओ सुधीर त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, पर वे नहीं माने।