हाथरस। घर में पंखा ठीक कर रहे युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। दुर्घटना से परिवार में कोहराम मच गया। लोगों द्वारा युवक को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किला गेट निवासी युवक 25 वर्षीय मोहम्मद उमर बेग पुत्र खुर्शीद बेग अपने घर पर खराब पडे़ पंखे को ठीक कर रहा था। इस दौरान युवक को करंट का जोरदार झटका लगा। जब यह युवक गिरा तो पंखे का तार उसके शरीर से लगा रहा, जिससे कुछ देर तड़पने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के लोगों को जब इसका पता चला तो कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। इन लोगों ने युवक को ठीक कराने के लिए पहले तो खुद ही इसके शरीर की काफी मालिस की। मालिस करते हुए युवक को बागला जिला अस्पताल तक लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।