विजयगढ़ रोड पर सासनी रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को आधी रात के बाद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला दिया। बदमाशों ने दो घरों और एक नलकूप पर हथियारों के बल पर लूटपाट की। बदमाश लाखों की नकदी और जेवर लूटकर ले गए।
बदमाश तीसरे मकान पर धावा बोल ही रहे थे कि वहां जगार हो जाने से वह वहां से चले गए। ग्रामीणों ने डायल 100 को इसकी सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की छानबीन में जुट गई। बदमाशों की संख्या करीब छह बताई जा रही है।
बदमाशों ने स्टेशन के पास पुल के नीचे मकानों में पहले वीरपाल सिंह पुत्र चोब सिंह के नलकूप पर धावा बोला। यहां करीब चार महीने से मधुमक्खी पालन कर रहे प्रदीप कुमार पुत्र भोलाप्रसाद निवासी नवादा निवासी जिला कटिहार बिहार और उनके चार अन्य साथियों से तमंचे के बल पर 15 हजार रुपये छीन लिए। बदमाश इन पांचों को एक कमरे में बंद करके चले गए।
इसके बाद बदमाशों ने पास में ही वीरपाल सिंह के भाई जयपाल सिंह के घर पर धावा बोला। बदमाश सीढ़ी रखकर इस घर में घुस गए। खटपट की आवाज सुनकर जयपाल सिंह की पत्नी सरोज देवी जाग गईं। उन्होंने जैसे ही टॉर्च चालू की, वैसे ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बदमाशों ने उनके कुंडल उतरवा लिए और उन्हें तमंचे के बल पर कमरे में ले गए। यहां बदमाशों ने घर की तलाशी शुरू कर दी। तलाशी में बक्से से दो जोड़ी पायजेब, सोने की जंजीर और छह हजार रुपये नकद निकालकर अपने कब्जे में कर लिए। जाते समय बदमाश सरोज देवी को रसोई में बंद कर गए और उनके पति जयपाल सिंह को पड़ोस में रह रहे भतीजे यतेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह के घर का दरवाजा खुलवाने के लिए ले गए। बदमाशों ने जयपाल से हथियारों के बल पर यह कहलवाया कि उनकी पत्न्ी की तबियत खराब है, इसलिए वह दरवाजा खोल दें, लेकिन यतेंद्र ने खतरा भांप लिया और दरवाजा नहीं खोला। इस बीच शोरगुल सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए।
परिवार के किसी सदस्य ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। घटना की तहरीर सरोज देवी ने दी है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।