सोरों स्थित गंगा घाट से कांवर भरकर सादाबाद के गांव घूंचामई जा रहे कांवड़ियों के जत्थे को रविवार को एक टाटा मैजिक लोडर ने टक्कर मार दी। सिकंदराराऊ-कासगंज रोड पर गांव हबीपुर के निकट यह हादसा हुआ। घटना में दो महिलाओं सहित तीन कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित अन्य कांवड़ियों ने टाटा मैजिक चालक को पकड़ लिया और उसे बुरी तरह पीटा।
इस दौरान बीच-बचाव के लिए आए ग्रामीणों से भी कांवडिय़ों की नोक-झोंक हो गई। घटना की सूचना होने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हाथरस जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
चश्मदीदों के मुताबिक एक दर्जन से ज्यादा महिला पुरुष कांवड़ियों का जत्था भोले बाबा के भजन गाते हुए सादाबाद जा रहा था। गांव हबीपुर के निकट अनियंत्रित हुई टाटा मैजिक ने कांवडिय़ों को रौंद डाला। इससे दो महिला तथा एक पुरुष कांवड़िया घायल हो गए। चोट अधिक होने के कारण यह सड़क पर तड़पने लगे।
पीछे ट्रैक्टर में भरकर आ रहे कांवड़ियों के साथियों ने जब यह मंजर देखा तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने टाटा मैजिक वाहन का पीछा किया। गांव नगला जलाल के निकट ग्रामीणों की मदद से मैजिक को पकड़ लिया। घायलों के साथ के लोगों ने मैजिक चालक की जमकर पिटाई की। उसकी नाक मुंह से खून बहने लगा।
इधर गांव वालों ने मैजिक चालक को बचाने का प्रयास किया तो कांवड़ियों के साथी ग्रामीणों से भी भिड़ गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल प्रमोद कुमार द्विवेदी ने झगड़ा शांत कराया तथा घायल बबलू पुत्र विजय सिंह, राजेशदेवी पत्नी सुरेंद्र सिंह, प्रेमवती पत्नी विजय सिंह को सीएचसी भेजा जहां से उन्हें उपचार के लिए हाथरस रेफर कर दिया।