हाथरस। सादाबाद में वाहन चेकिंग के दौरान एक दरोगा का सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल से विवाद हो गया। दरोगा ने विधायक और उनके समर्थकों पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है, जबकि विधायक का कहना है कि दरोगा चेकिंग के दौरान अवैध वसूली कर रहे थे। उनके समर्थकों ने जब आपत्ति दर्ज कराई तो दरोगा ने गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से कर दी, जिससे बौखलाकर दरोगा यह आरोप लगा रहे हैं।दरअसल, कोतवाली सादाबाद के एसआई बलवीर सिंह कस्बे के मुरसान चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने एक टेंपो का चालान कर दिया। टेंपो वाले ने खुद को विधायक का समर्थक बताया तो आरोप है कि दरोगा ने टेंपो वाले की पिटाई कर दी। दरोगा ने इस टेंपो का चालान भी कर दिया। टेंपो वाले ने इसकी शिकायत विधायक से कर दी तो विधायक मौके पर पहुंच गए। वहां काफी लोगों ने विधायक को घेर लिया। विधायक के मुताबिक इन लोगों ने उन्हें बताया कि दरोगा चेकिंग के दौरान अवैध वसूली कर रहा है और वाहन चालकों से अभद्रता कर रहा है। विधायक का कहना है कि जब उन्होंने दरोगा की इन हरकतों पर आपत्ति जताई तो दरोगा अभद्रता पर उतर आए। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी और डीआईजी से कर दी, जिसके बाद दरोगा ने उनके खिलाफ यह साजिश रची है। इधर, कोतवाली सादाबाद के कार्यवाहक प्रभारी बाबूराम शर्मा का कहना है कि अभी इस बारे में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यह उपनिरीक्षक का निजी मामला है। सादाबाद के कोतवाल महेशचंद्र यादव हालांकि छुट्टी पर थे। उनका भी कहना है कि एसआई ने अभी इस बारे में कोई शिकायत नहीं की है। इस बारे में एसपी डॉ.एस. चन्नप्पा से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन अटैंड नहीं किया।
एसपी से करुंगा शिकायत: बलवीर दरोगा बलवीर सिंह ने फोन पर बताया कि विधायक और समर्थकों ने उनसे गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द भी कहे। मारपीट की भी कोशिश की गई। उन्होंने इसकी जानकारी एसपी को दे दी है। वह रविवार को खुद भी जाकर एसपी को प्रार्थना पत्र देंगे।
चेकिंग के नाम पर दरोगा वाहन चालकों से लूट कर रहे थे। वाहन चालकों से मारपीट और अभद्रता की गई। लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर मैने इसका विरोध किया तो दरोगा ने मुझसे ही अभद्रता की और गोली मारने की धमकी दी। गाली-गलौज मैं किसी से नहीं करता।-देवेंद्र अग्रवाल, विधायक सादाबाद