ग्राम सेवक रिश्वत लेते गिरफ्तार
- फोटो : Demo pic
हाथरस। हसायन के गांव नगला वीर सहाय में एक पॉली हाउस में नलकूप कनेक्शन के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में अधीक्षण अभियंता ने मंगलवार को एक अवर अभियंता को निलंबित कर दिया। आरोपी विद्युत अभियंता ने एक लाख रुपये की मांग की थी। इसमें से उसने 20 हजार नकद और 30 हजार अन्य के खाते में ट्रांसफर कराए थे। इस कार्रवाई को लेकर विभाग में चर्चाएं रहीं।
हसायन के गांव नगला वीर सहाय में आकाश शर्मा ने पॉली हाउस लगाया है। इसमें नलकूप के विद्युत कनेक्शन के लिए आकाश विभाग के जेई रामकुमार से मिले। रामकुमार ने आकाश को तीन लाख रुपये का खर्च बताया। इसमेें एक लाख रुपये बतौर रिश्वत मांगे गए।
इस पर आकाश ने 50 हजार की रकम दे दी। जेई ने इस रकम में से 20 हजार नकद खुद लिए और 30 हजार रुपयों को अपने एक साथी के खाते में ट्रांसफर करवा लिया। बाद में इसकी शिकायत आकाश शर्मा ने एक्सईएन तृतीय खंड अखिलेश कुमार से कर दी। एक्सईएन ने जेई रामकुमार को तलब कर लिया। एक्सईएन के अनुसार, जेई ने 50 हजार लेने की बात कुबूल भी कर ली। इसके बाद एक्सईएन ने मामले की पूरी रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंप दी और उच्च स्तरीय जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच कराई गई है। जांच में प्रथमदृष्टया सामने आया कि घूस के रूप में जेई रामकुमार ने 50 हजार रुपये उपभोक्ता से लिए। इस कारण उसे सस्पेंड कर दिया गया है।
- प्रदीप अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता